मुख्यमंत्री योगी से मिले विधायक संजय कुमार सिंह
सहरसा, 07 अक्टूबर (हि.स.)।
जिले के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय कुमार सिंह ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक सिंह ने मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप मुख्यमंत्री को सम्मानित किया तथा अपनी कर्मभूमि सिमरी बख्तियारपुर पधारने के लिए सादर आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा मटेश्वर धाम के विकास, धार्मिक महत्त्व तथा इसकी पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
विधायक संजय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को बाबा मटेश्वर धाम की महिमा, क्षेत्र की धार्मिक आस्था और मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया। उन्होंने सिमरी बख्तियारपुर की धरती पर आगमन कर बाबा मटेश्वर धाम में भगवान महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिमरी बख्तियारपुर आने के निमंत्रण पर सकारात्मक आश्वासन दिया और बाबा महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
विधायक संजय कुमार सिंह ने इस मुलाकात को अपने लिए विशेष एवं भावनात्मक क्षण बताते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से जनसभा में आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा से विजय प्राप्त करने के बाद लखनऊ में पुनः उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए गौरव का विषय है।
यह मुलाकात बाबा मटेश्वर धाम के विकास, सिमरी बख्तियारपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा मिथिला की गौरवशाली परंपरा को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और स्मरणीय अवसर रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

