सहयोग शिविरों में विधायक ने सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
दरभंगा, 03 नवंबर (हि.स.)। आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सहयोग शिविरों में मंगलवार को दरभंगा ग्रामीण के विधायक सह जदयू जिलाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल पहुंचे।
उन्होंने मनीगाछी प्रखंड के राजे, गंगौली कनकपुर तथा सदर प्रखंड के नैनाघाट और भालपट्टी में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
शिविर में लोगों ने पेंशन, आवास, राशन कार्ड, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और नल-जल सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों से समस्याओं की जानकारी लेते हुए प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसी सोच के साथ सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बिहार सरकार की प्रतिबद्धता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने तथा जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

