डॉ. मुरारी मोहन झा ने शमशान घाट की घेराबंदी व जीर्णोद्धार की मांग सदन में उठाई

WhatsApp Channel Join Now

पटनाा, 25 फ़रवरी (हि.स.)।

बिहार विधानसभा के बजट सत्र में बुधवार को विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित मुद्दों को तारांकित प्रश्न, निवेदन, गैरसरकारी संकल्प एवं शून्यकाल के माध्यम से सदन में प्रमुखता से उठाया।

सबसे पहले उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न शमशान घाटों की दयनीय स्थिति की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए उनकी घेराबंदी एवं जीर्णोद्धार की मांग की। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के अभाव में आम लोगों को अंतिम संस्कार के समय कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।

तारांकित प्रश्न के माध्यम से उन्होंने ग्राम पंचायतों में कार्यरत स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं स्वच्छता कर्मियों को मानदेय का समय पर भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मानदेय में देरी के कारण कर्मियों के परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से ससमय भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

निवेदन प्रश्न के तहत उन्होंने दरभंगा जिला अंतर्गत सिंहवाड़ा प्रखंड के सनहपुर पावर हाउस से गंगवाड़ा पावर ग्रिड की 30 किलोमीटर से अधिक दूरी होने के कारण क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती की समस्या को रेखांकित किया। उन्होंने सनहपुर पावर हाउस को अपग्रेड कर पावर ग्रिड में परिवर्तित करने की मांग की, ताकि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

शून्यकाल में उन्होंने पंचायत कालीगांव के चमनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय चमनपुर के छात्रों की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद छठी कक्षा में नामांकन हेतु मध्य विद्यालय की दूरी अधिक होने के कारण कई बच्चे पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय चमनपुर को मध्य विद्यालय में उत्क्रमित करने की मांग की, ताकि बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रह सके। विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story