सांप्रदायिकता का जहर बोते हैं महबूब आलम और पप्पू यादव : अमरेन्द्र अमर
बेगूसराय, 15 मार्च (हि.स.)। भाकपा माले विधायक महबूब आलम द्वारा केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह पर नफरत का बीज बोने का आरोप लगाए जाने का जबरदस्त विरोध हो रहा है।गिरिराज सिंह के सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर ने बुधवार को कहा है कि होली के दिन बेगूसराय के पचवीर में हुई दुष्कर्म की घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। गिरिराज सिंह अपराध के सवाल पर सबसे अधिक मुखर रहे हैं।
उस दिन भी घटना के तुरंत बाद हमने डीएम-एसपी से कार्रवाई का अनुरोध किया। प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ सख्त कार्रवाई की। घटना के पांच-छह दिन बाद तीर्थस्थल बनाकर जो लोग जातिवाद और नक्सलवाद के घोड़े पर चढ़कर राजनीति की सवारी कर रहे हैं वे धर्म-संप्रदाय का जहर बोकर समाज में नफरत फैलाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं कि गिरिराज सिंह के कारण यह सब बेगूसराय में हो रहा है वह जान लें कि बेगूसराय की धरती दिनकर की धरती है। उन्होंने सत्य के साथ जीना सिखाया है, इस धरती को ऐसे लोगों के नसीहत की जरूरत नहीं है जो जातिवाद और नक्सलवाद के पुरोधा हैं। महबूब आलम विधानसभा में भी देशद्रोह और सांप्रदायिकता का जहर बोते हैं।
उन्होंने कहा कि बेगूसराय में आज तक किसी ने उनका चेहरा नहीं देखा, लेकिन पचवीर की घटना के बाद यहां आने का कारण है सांप्रदायिकता का जहर बेगूसराय में फैलाना। बेगूसराय सामाजिक सौहार्द की धरती है, यहां जातिवाद, नक्सलवाद, संप्रदायवाद का जहर नहीं फैलने वाला है। बेगूसराय की धरती राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की धरती है। लेकिन महबूब आलम और पप्पू यादव यहां नफरत का बीज बोकर सौहार्द को तोड़ना चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि भाकपा माले विधायक महबूब आलम ने बीते रात बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़िता और परिजनों से मुलाकात की थी। महबूब आलम ने कहा था कि गिरिराज सिंह के कारण बेगूसराय में इस तरह की घटनाएं हो रही है, वह सांप्रदायिकता का जहर बोते हैं। भाजपा द्वारा कठुआ में बलात्कारी और अपराधियों के समर्थन में रैली निकाली गई तो ऐसे लोगों से क्या उम्मीद की जा सकती है। भाजपा सिर्फ सांप्रदायिकता फैलाने का काम कर रही है, इसके अलावा उसके पास कोई काम नहीं है। भाजपा जबसे सत्ता से अलग हुई, बिलबिला रही है, क्योंकि भाजपा अपराधियों को संरक्षण देती है।
हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।