मारे गये शिबू खान के परिजन से मिले विधायक, आर्थिक सहायता देकर न्याय की लड़ाई में साथ देने का दिया भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
मारे गये शिबू खान के परिजन से मिले विधायक, आर्थिक सहायता देकर न्याय की लड़ाई में साथ देने का दिया भरोसा


पश्चिम चंपारण(बगहा),22अक्टूबर(हि.स. )। वाल्मीकिनगर के विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने रामनगर थाना क्षेत्र से अपहृत बालक शिबू खान की हत्या के बाद उसके परिजन से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की और न्याय दिलाने के लिए हर कदम पर साथ देने का भरोसा दिया। इस दौरान विधायक ने मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कथित लापरवाही की जांच और जवाबदेही तय करने की जरूरत बताई।

विधायक ने कहा कि अपहरणकर्ताओं द्वारा फिरौती मांगने और बच्चे की हत्या की धमकी देने के बावजूद, परिजनों की ओर से पुलिस को सुराग उपलब्ध कराने के बाद भी कार्रवाई में देरी हुई। उनके अनुसार, समय रहते प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।

उन्होंने इसे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल बताते हुए कहा कि पुलिस को अपनी कार्यशैली में सुधार करना होगा, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

विधायक ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि न्याय की लड़ाई में वे उनके साथ खड़े रहेंगे और मामले में दोषियों को सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

12 अक्टूबर को स्कूल जाने के लिए निकला था शिबू

उल्लेखनीय है कि शिबू खान 12 अक्टूबर को घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बताया जाता है कि उसकी किताब-कॉपियां स्कूल में ही मिली थीं, जिन्हें उसका छोटा भाई घर ले गया था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसके पिता अमानुल्ला खान ने 14 अक्टूबर को रामनगर थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

बाद में अपहरण की इस घटना में बालक की हत्या किए जाने की जानकारी सामने आई। घटना से परिवार में मातम है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और कथित देरी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story