नाथनगर विधायक मिथुन यादव पर लगा जमीन हड़पने का आरोप, रंगदारी का वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
नाथनगर विधायक मिथुन यादव पर लगा जमीन हड़पने का आरोप, रंगदारी का वीडियो वायरल


भागलपुर, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के नाथनगर क्षेत्र के विधायक मिथुन यादव पर मारपीट करने, हथियार के बल पर जमीन हड़पने और जबरदस्ती जमीन खरीदने का दबाव बनाने का आरोप लगा है। हैरानी की बात यह है कि यह आरोप किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके ही गोतिया (परिवार के सदस्य) द्वारा लगाया गया है। इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक गाड़ी से कुछ लोग उतरते हैं और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट करते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी विधायक मिथुन यादव की है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस घटना में किशनपुर निवासी सुबोध यादव को बुरी तरह पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए।

घायल की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि उनके पति रोज की तरह अपने खेत देखने गए थे, तभी विधायक के कुछ लोग वहां पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन लोगों के साथ धर्मेंद्र उर्फ उपनातू यादव, जो वर्तमान में बिहार पुलिस में कार्यरत हैं, भी मौजूद थे। पिंकी देवी के अनुसार, विधायक मिथुन यादव ने उनके पति पर जमीन बेचने का दबाव बनाया और कहा कि जमीन बेच दो, नहीं तो मारपीट होगी। जब उनके पति ने जमीन बेचने से इनकार किया, तो वहां मौजूद लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता ने यह भी बताया कि यह जमीन विवाद कोई नया नहीं है, बल्कि करीब 50 वर्षों से चला आ रहा है। पहले यह विवाद विधायक के पिता के समय से चल रहा था और अब वर्तमान में भी यह जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें हथियार दिखाकर डराया-धमकाया जा रहा है और जबरदस्ती जमीन खरीदने की कोशिश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि विवादित जमीन लगभग डेढ़ बीघा है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है। फिलहाल इस मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और वायरल वीडियो के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story