शादी-विवाह पर बयान को लेकर विधायक कमरूल होदा ने अख्तरुल ईमान पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
शादी-विवाह पर बयान को लेकर विधायक कमरूल होदा ने अख्तरुल ईमान पर साधा निशाना


किशनगंज, 25 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस विधायक कमरूल होदा ने एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सह अमौर विधायक अख्तरुल ईमान के शादी-विवाह में फिजूलखर्ची, दिखावे और बेपर्दगी को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि समाज में शादी-विवाह के दौरान बढ़ती फिजूलखर्ची और विभिन्न सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए सभी जिम्मेदार लोगों एवं दीनी हजरात को मिलकर प्रयास करना चाहिए। लेकिन सामाजिक सुधार के नाम पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है।

विधायक कमरूल होदा ने कहा कि शादियों में बेपर्दगी की तुलना आपत्तिजनक शब्दों से करना और शादी के मंच पर दुल्हन के आसपास रहने वाले युवाओं तथा बारातियों के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना किसी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को भाषा और व्यवहार की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। कमरूल होदा ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना जरूरी है। हालांकि, इसके लिए जागरूकता, आपसी सम्मान और सकारात्मक संवाद का रास्ता अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटी सबकी बेटी होती है। महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकती। सामाजिक सुधार की मुहिम में महिलाओं की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह में फिजूलखर्ची और दिखावे जैसी बुराइयों को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। इस दिशा में धार्मिक और सामाजिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। लेकिन किसी भी मुद्दे पर अपनी बात रखने के दौरान शब्दों की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। कांग्रेस विधायक ने एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान से उनके अमर्यादित शब्दों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज में सुधार तभी संभव है, जब आपसी सम्मान और सामाजिक गरिमा बनी रहे। इस दौरान पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष इमाम अली चिंटू, शकील अहमद लाल, विधायक प्रतिनिधि ईदु हसन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story