विधायक ने रेल मंत्री को सौंपा मांग-पत्र, छपरा से पटना ट्रेन चलाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 19 जून (हि.स.)। छपरा–दिल्ली नई रेल सेवा के शुभारंभ पर छपरा विधायक छोटी कुमारी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक मांग-पत्र सौंपा।

विधायक ने छपरा से पटना पाटलिपुत्र के बीच कार्यालय समय में यात्रियों के लिए एक जोड़ी नियमित ट्रेन चलाने की मांग उठाई।

उन्होंने बताया कि छपरा प्रमंडलीय मुख्यालय होने के कारण छपरा, सिवान और गोपालगंज के लाखों लोग प्रतिदिन पटना आते-जाते हैं।

इसके अलावा, मांग-पत्र में सोनपुर–छपरा–हरिद्वार सीधी रेल सेवा, छपरा–बेंगलुरु ट्रेन को पुनः शुरू करने और छपरा जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर आधुनिक दो-तल्ला प्रतीक्षालय बनाने की मांग की गई।

विधायक ने छपरा ग्रामीण स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव बहाल करने, छपरा कचहरी को टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने, श्यामचक आरओबी एक्सटेंशन तथा सारण अकादमी, जगदम कॉलेज एवं गरखा ढाला के समीप अंडरपास या फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता जताई।

उन्होंने ब्रह्मपुर ढाला पर जाम की समस्या सुलझाने का भी आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story