विधायक छोटी कुमारी ने सिताबदियारा अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
सारण, 19 मई (हि.स.)। छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने सिताबदियारा स्थित प्रभावती देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, ओपीडी सेवाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति पंजी और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
विधायक ने विशेष रूप से दवा भंडार की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि गरीब मरीजों को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े और सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल में ही सुलभ हों। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सभी स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित ड्रेस में सक्रिय पाए गए और बेडों पर साफ चादरें मिलीं, जिसकी विधायक ने सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में निर्माणाधीन 100 बेड के नए अस्पताल भवन और आवासीय क्वार्टर के कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी और सुलभ बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

