सहयोग शिविरों का विधायक ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सहयोग शिविरों का विधायक ने किया निरीक्षण


पूर्णिया, 05 अगस्त (हि.स.)।

पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम वार्ड संख्या 1, 2, 3 एवं 15 के लिए सिपाही टोला बाल मध्य विद्यालय तथा पूर्णिया पूर्व प्रखंड के बीरपुर पंचायत भवन और रामपुर पंचायत सरकार भवन में प्रशासन की ओर से सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया। विधायक विजय खेमका ने तीनों शिविरों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कुछ विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति तथा शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार में कमी पाए जाने पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नोडल अधिकारियों को कमियों को तत्काल दूर करने और आगामी शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

विधायक ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। तीनों शिविरों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा शुरू किए गए सहयोग शिविर से आम लोगों को काफी राहत मिल रही है। अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि संबंधित विभाग शिविर में ही आवेदन प्राप्त कर समाधान की कार्रवाई कर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक ने लाभुकों के बीच जॉब कार्ड तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र का वितरण भी किया।

शिविरों में नगर निगम के वार्ड पार्षद, पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता तथा जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक, जिला कोषागार पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, राजस्व अधिकारी, बीपीआरओ, कार्यक्रम पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story