54वें मिथिला विभूति पर्व की तैयारी तेज, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समीक्षा बैठक
दरभंगा, 19 नवंबर (हि.स.)। विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में 22 से 24 नवंबर तक डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित होने वाले 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर समीक्षा बैठक की।
बैठक में तीन दिवसीय समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आयोजन में मिथिला की गौरवशाली परंपरा, कला-संस्कृति, खान-पान और ऐतिहासिक विरासत को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि नई पीढ़ी को मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने तथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से विशेष रणनीति तैयार की गई है। समारोह परिसर में मिथिला पेंटिंग, पारंपरिक कलाकृतियों और मिथिला के प्रसिद्ध व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से मिथिला की विशिष्ट कला, परंपरा और खान-पान को व्यापक मंच मिलेगा।
उन्होंने बताया कि मिथिला की महान विभूतियों के योगदान और उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभिन्न दीर्घाओं का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाएगा। इससे समारोह में आने वाले लोगों को मिथिला के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
डॉ. बैजू ने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मिथिला की पहचान, परंपरा और विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इस सांस्कृतिक महाकुंभ में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में प्रवासी मैथिलों के भी शामिल होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

