मैथिल ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में धूमधाम से मनी महाराजाधिराज सर कामेश्वर सिंह की जयंती

WhatsApp Channel Join Now
मैथिल ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में धूमधाम से मनी महाराजाधिराज सर कामेश्वर सिंह की जयंती


दरभंगा, 29 नवंबर (हि.स.)। मैथिल ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में अलीगढ़ के ऐतिहासिक रामलीला मैदान, अचलताल में मिथिला नरेश महाराजाधिराज सर कामेश्वर सिंह की जयंती रविवार काे समारोहपूर्वक मनाई गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दरभंगा राजपरिवार के उत्तराधिकारी एवं युवराज कुमार कपिलेश्वर सिंह शामिल हुए। इस अवसर पर समाज के मेधावी बच्चों को मोमेंटो प्रदान कर प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया।

समारोह में पहुंचने पर कुमार कपिलेश्वर सिंह का मिथिला की पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार भव्य स्वागत किया गया। उन्हें पाग, शॉल एवं प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि मिथिला से सैकड़ों किलोमीटर दूर अलीगढ़ की धरती पर समाज की एकजुटता, स्नेह और अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति समर्पण देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। महाराजाधिराज सर कामेश्वर सिंह की विरासत को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि उनका जीवन दानशीलता, शिक्षा, साहित्य, कला, संस्कृति और सामाजिक कल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि दरभंगा राजपरिवार ने हमेशा अपने संसाधनों और दायित्वों को समाज एवं राष्ट्र के उत्थान का माध्यम बनाया। महाराजाधिराज ने क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर देश की अनेक प्रतिष्ठित शैक्षिक एवं सामाजिक संस्थाओं के निर्माण और संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

युवाओं से उन्होंने आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ अपनी मातृभाषा मैथिली, पारंपरिक संस्कार और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ अपनी भाषा और पहचान को सुरक्षित रखना भी नई पीढ़ी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री विजय प्रकाश वत्स ने किया। मंच पर महासभा के अध्यक्ष महेंद्र पाल शास्त्री, जिलाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, संयोजक वीरेंद्र शर्मा 'भैय्या जी', सहसंयोजक राजकुमार शर्मा 'राजू पंडित जी', मनोज शर्मा 'विनायका' एवं भानुप्रकाश शांडिल्य उपस्थित थे। समारोह में महासभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, महिलाएं और युवा शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story