दो दिन से लापता युवक का शव नदी में मिला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

WhatsApp Channel Join Now
दो दिन से लापता युवक का शव नदी में मिला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा


सुपौल, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता एक युवक का शव सोमवार शाम तिलाठी धार के पास नदी में उतराता मिला।

मृतक की पहचान भवानीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित दास टोला निवासी 30 वर्षीय शनिचर दास के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

परिजनों की मौजूदगी में शव की पहचान कराई गई। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि शनिचर दास शनिवार सुबह घर से चापाकल गाड़ने का काम करने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद रविवार को नदी में डूबने की आशंका जताई गई।

सूचना पर प्रतापगंज थाना पुलिस ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), फोरेंसिक टीम और प्रशिक्षित खोजी श्वान की मदद से व्यापक खोज अभियान चलाया, लेकिन पहले दिन सफलता नहीं मिली। सोमवार शाम तिलाठी धार के पास नदी में शव उतराता दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।प्रतापगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक नदी तक किन परिस्थितियों में पहुंचा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story