पिपरा में सात दिनों से लापता अधेड़ का नदी किनारे मिला शव, इलाके में सनसनी
सुपौल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्मली पंचायत के हटवारिया वार्ड नंबर 15 से सात दिनों से लापता अधेड़ का शव मंगलवार की सुबह नदी किनारे जलकुंभी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान हटवारिया वार्ड नंबर 15 निवासी उपेन्द्र सादा उर्फ टीरन के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, उपेन्द्र सादा को करीब सात दिन पहले गांव के ही किसी व्यक्ति ने पेड़ काटने के लिए बुलाया था। इसके बाद से वह लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पिपरा थाना में लिखित सूचना देकर उनके लापता होने की जानकारी दी थी।
मंगलवार की सुबह कुछ महिलाएं घास काटने के लिए नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान उन्हें दुर्गंध महसूस हुई। जब उन्होंने नदी किनारे जाकर देखा तो जलकुंभी के बीच एक शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना तत्काल ग्रामीणों को दी गई। कुछ ही देर में शव मिलने की खबर पूरे गांव में फैल गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान उपेन्द्र सादा के रूप में की। सात दिनों से लापता अधेड़ का शव मिलने के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और प्रभारी सदर एसडीपीओ गौरव गुप्ता को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी और टीम मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को जलकुंभी से बाहर निकाला गया। कई दिनों तक पानी में रहने के कारण शव की स्थिति खराब हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया है।
घटनास्थल पर आवश्यक जांच की गई और मामले से जुड़े पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी गई है। इधर, मृतक के परिजनों ने उपेन्द्र सादा की हत्या कर शव को नदी किनारे फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस संबंध में प्रभारी सदर एसडीपीओ गौरव गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सात दिनों से लापता अधेड़ का शव मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

