लापता नाबालिग कैसर की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लापता नाबालिग कैसर की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार


किशनगंज, 03 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के सफा नगर से 14 दिन पूर्व लापता हुए 17 वर्षीय नाबालिग मोहम्मद कैसर आलम की हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज ने मामले का खुलासा करते हुए यह जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि 23 मई को लहरा फुलवाड़ी निवासी मोहम्मद कैसर आलम के अपहरण एवं गुमशुदगी को लेकर परिजनों द्वारा सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चारों ने नाबालिग की हत्या करने की बात स्वीकार की।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को पूर्णिया जिले के अनगढ़ थाना क्षेत्र में महानंदा नदी के किनारे एक शव बरामद हुआ था। आशंका है कि वह शव मोहम्मद कैसर आलम का हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम भागलपुर में कराया जाएगा तथा डीएनए जांच भी कराई जाएगी।

एसडीपीओ ने कहा कि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही शव की पहचान की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story