तालाब में मिला 3 दिन से लापता व्यक्ति का शव

WhatsApp Channel Join Now
तालाब में मिला 3 दिन से लापता व्यक्ति का शव


तालाब में मिला 3 दिन से लापता व्यक्ति का शव


दरभंगा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत मनीगाछी प्रखंड क्षेत्र के नेहरा थाना क्षेत्र के राघोपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत कायस्थ कबई गांव स्थित बासुदास पोखर में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला। शव कई दिनों पुराना होने के कारण उससे दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलते ही नेहरा थानाध्यक्ष मोती कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव मिलने की सूचना वरीय अधिकारियों को दी।

बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव करीब 3-4 दिन पुरानी होने की आशंका जताई गई। तत्काल पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ डीएनए जांच कराने का निर्देश दिया।

पुलिस को तालाब के घाट के पास एक जोड़ी चप्पल, हाफ पैंट और गोल गले की टी-शर्ट मिली। बाद में डीएमसीएच में कपड़ों और चप्पल के आधार पर कायस्थ कबई गांव की अरहुलिया देवी ने शव की पहचान अपने पति अशोक नोनियां (पिता बिलट नोनियां) के रूप में की।

महिला ने बताया कि उनके पति पिछले 3 दिनों से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके पति में मानसिक अस्वस्थता के लक्षण थे। आशंका है कि स्नान करने के दौरान वे तालाब में डूब गए होंगे। तालाब एकांत में पेड़ों के बीच स्थित होने के कारण किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी होगी।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766721 Articles

Share this story