गोपालपुर चंवर में मिली लापता युवक की लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सीवान, 01 जुलाई (हि.स.)। सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के गोपालपुर चंवर से बुधवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान महमदपुर निवासी हामिद अली उर्फ बबलू (35), पिता तैयब अली के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि हामिद अली पिछले करीब दो सप्ताह से लापता थे। उनके पिता ने 18 जून को पचरुखी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला था। बुधवार को शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से मृतक का पर्स, चप्पल, आधार कार्ड और गंजी बरामद हुई है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।
मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि हामिद अली की हत्या कर शव को चंवर में फेंका गया। उनका दावा है कि शव को जल्द नष्ट करने की नीयत से उस पर किसी प्रकार का केमिकल भी डाला गया होगा।
हामिद अली आठ भाइयों में छठे स्थान पर थे और पेशे से ड्राइवर थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पचरुखी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा मामले का जल्द उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

