कटिहार में बन रहे अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण
कटिहार, 22 जुलाई (हि.स.)। कटिहार में सिमुलतला और नवोदय विद्यालय की तर्ज पर बनाए जा रहे अत्याधुनिक अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य का जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यकारी एजेंसी को तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
57.17 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा आवासीय परिसर
कटिहार प्रखंड के अंतर्गत मौजा सिरनिया (वक्फ स्टेट संख्या 1505, जाफरगंज) स्थित 4.32 एकड़ भूमि पर इस महत्वाकांक्षी आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है। कुल 57.17 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस विद्यालय में अल्पसंख्यक वर्ग के बालक और बालिकाओं के लिए संयुक्त रूप से उच्चस्तरीय आवासीय और शैक्षणिक व्यवस्था की गई है।
सरकार की इस जनहितकारी योजना के तहत विद्यालय में कुल 560 विद्यार्थियों के नामांकन की क्षमता निर्धारित की गई है। इस आवासीय विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ विद्यार्थियों को पढ़ाई, आवासन (रहना), भोजन और दवाइयाँ (चिकित्सीय सुविधा) सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।
निरीक्षण के क्रम में डीएम आशुतोष द्विवेदी ने आवासीय विद्यालय परिसर में पौधारोपण का कार्य भी संपन्न किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और निर्धारित समयावधि में परियोजना को पूरी पारदर्शिता के साथ अमलीजामा पहनाया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

