सीवान पुलिस का एक्शन: ऑर्केस्ट्रा रैकेट से 5 नाबालिगों की रिहाई
सीवान, 28 फ़रवरी (हि.स.)।
सीवान में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे कथित शोषण के खेल का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को सक्रिय पुलिसिंग के तहत जी.बी. नगर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में पांच नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई एसपी पुरन कुमार झा के निर्देश पर की गई, जिससे जिले में हड़कंप मच गया है।
बताया जाता है कि राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली के पत्र के आलोक में पुलिस हरकत में आई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में महिला थाना की विशेष टीम गठित कर ऑर्केस्ट्रा संचालित स्थलों पर घेराबंदी कर छापा मारा गया।छापेमारी के दौरान जबरन ऑर्केस्ट्रा में नृत्य कराई जा रही पांच नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया। इनमें पश्चिम बंगाल की दो, बिहार की दो और नागालैंड की एक किशोरी शामिल है। सभी को सुरक्षित मुक्त कराते हुए विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जी.बी. नगर थाना में संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर आगे की जांच जारी है। छापेमारी में महिला थाना,जी.बी. नगर थाना के पदाधिकारी,प्रभारी एएचटीयू, सीवान एवं रेस्क्यू फाउंडेशन, मुंबई के सदस्य शामिल थे.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी महिला या बच्ची के शोषण की जानकारी मिले तो तत्काल जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 9031683607 या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

