अपहृत नाबालिग लड़की भोपाल से बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अपहृत नाबालिग लड़की भोपाल से बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार


भागलपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग लड़की को भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

एसएसपी ने कहा कि 21 दिसंबर 2025 को जोगसर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस संबंध में जोगसर थाना कांड संख्या 328/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया।जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। अप्रैल 2026 में अपहृत लड़की के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने का खुलासा हुआ, जिसमें उसकी उम्र 21 वर्ष दर्शाई गई थी, जबकि वह नाबालिग है। आधार कार्ड में विवाह संबंधी फोटो भी लगाया गया था। तकनीकी जांच और सत्यापन के बाद पुलिस भोपाल पहुंची।

भोपाल में छापेमारी के दौरान आरोपी सोनू जैन को गिरफ्तार किया गया और उसके घर से लड़की को बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि लड़की को ट्रेन में सफर के दौरान एक अज्ञात महिला-पुरुष द्वारा बहला-फुसलाकर पहले दिल्ली ले जाया गया, फिर कुछ दिन बाद भोपाल लाकर 2.5 लाख रुपये में बेच दिया गया।

इस मामले में एक अन्य आरोपी कमल किशोर शास्त्री को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर लड़की की खरीद-फरोख्त और जबरन विवाह कराने में शामिल था। एसएसपी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, बरामद नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story