पीएम के ईंधन संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता, मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने ट्रेन से की गयाजी यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
पीएम के ईंधन संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता, मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने ट्रेन से की गयाजी यात्रा


पटना,, 14 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'ईंधन संरक्षण' के आह्वान पर अमल करते हुए, खान-खनिज एवं कला-संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने गुरुवार को गयाजी की आधिकारिक यात्रा के लिए सरकारी वाहन का उपयोग करने के बजाय ट्रेन का चुनाव किया।

डॉ चंद्रवंशी वंदे भारत ट्रेन से पटना जंक्शन से गयाजी के लिए रवाना हुए वहीं गयाजी स्टेशन पर कार्यकर्ताओं की गाड़ी से ही गंतव्य के लिए रवाना हुए।

प्रधानमंत्री के ईंधन बचाओं की अपील से प्रेरित होकर उन्होंने हर नागरिक को ऊर्जा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की सलाह भी दी।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा, ईंधन संरक्षण केवल एक आह्वान नहीं, बल्कि हमारी साझा जिम्मेदारी है। ट्रेन यात्रा से न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत हुई, बल्कि हम आम यात्रियों के बीच घुलमिलकर उनके मुद्दों को समझने का अवसर भी मिला।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा ईंधन बचत के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहन देने का प्रयास है। बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है, और यह उसी दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण है।

गयाजी पहुंचने पर मंत्री ने स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग लिया। इसके अलावा वापसी में वे ट्रेन के जरिए ही गया से जहानाबाद और जहानाबाद से पटना की ओर रवाना हुए।

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने आमजन से अपील की कि वे भी दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाएं – जैसे कार पूलिंग, साइकिल उपयोग या सार्वजनिक वाहनों का सहारा। यह न केवल ईंधन संरक्षण करेगा, बल्कि जलवायु परिवर्तन से निपटने में भी सहायक होगा। बिहार सरकार ईंधन संरक्षण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story