30 नवंबर तक स्थायी रूप से तैयार हो जाएगा विक्रमशिला पुल: इंजीनियर शैलेंद्र

WhatsApp Channel Join Now
30 नवंबर तक स्थायी रूप से तैयार हो जाएगा विक्रमशिला पुल: इंजीनियर शैलेंद्र


भागलपुर, 16 जून (हि.स.)। बिहपुर विधायक सह पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विक्रमशिला पुल का स्थायी मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है। यह आगामी 30 नवंबर तक पुल पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य को हर हाल में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री के आदेश के अनुरूप विभागीय स्तर पर युद्धस्तर पर काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विक्रमशिला पुल पर आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए बेली ब्रिज का सहारा लिया जा रहा है। हालांकि, अस्थायी व्यवस्था होने के कारण कई बार वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से भागलपुर और नवगछिया के बीच आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों, व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

इंजीनियर शैलेंद्र ने भरोसा दिलाया कि 30 नवंबर तक स्थायी कार्य पूरा होने के बाद लोगों को इन सभी परेशानियों से मुक्ति मिल जाएगी। पुल पूरी तरह चालू होने से आवागमन पहले की तरह सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। इससे न केवल जाम की समस्या समाप्त होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

विभाग के अधिकारी लगातार निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे हैं, ताकि तय समय के भीतर विक्रमशिला पुल को आम लोगों के लिए पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित किया जा सके। 30 नवंबर के बाद विक्रमशिला पुल से गुजरने वाले लोगों को राहत की बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story