सोनवर्षा उच्च विद्यालय में विकास कार्यों का मंत्री ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान
भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। जिले के बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गति और उनकी गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
इसी कड़ी में मंत्री इंजिनियर शैलेंद्र ने आज सोनवर्षा उच्च विद्यालय का दौरा किया।
उन्होंने वहाँ निर्माणाधीन नए भवन तथा विद्यालय के सौंदर्यीकरण कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्य की धीमी प्रगति और मानकों की बारीकियों को देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद साइट इंचार्ज और संबंधित अधिकारियों को सख्त लहजे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और बेहतर गुणवत्ता के साथ ही पूरे होने चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री इंजिनियर शैलेंद्र ने कहा, शिक्षण संस्थानों का बेहतर बुनियादी ढाँचा हमारे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। अगर स्कूल में अच्छी सुविधाएँ होंगी, तो बच्चों को पढ़ने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार का मुख्य प्रयास यही है कि जितने भी विकास कार्य चल रहे हैं, उनका लाभ आम जनता तक पूरी गुणवत्ता के साथ और समय सीमा के भीतर पहुँचे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने मंत्री के इस औचक निरीक्षण की सराहना की और उम्मीद जताई कि अब विद्यालय के विकास कार्यों में तेजी आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

