गरीबों की समस्याओं के समाधान को गांव-गांव पहुंचेगी हम : मंत्री संतोष

WhatsApp Channel Join Now
गरीबों की समस्याओं के समाधान को गांव-गांव पहुंचेगी हम : मंत्री संतोष


बेतिया, 11 सितंबर (हि.स.)।

हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने शुक्रवार को नरकटियागंज में आयोजित गरीब चौपाल यात्रा जनसभा में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर किया। इसमें पार्टी के वरीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने सहभागिता की।

पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि हम गरीबों की पार्टी है। गरीब चौपाल यात्रा के माध्यम से बिहार के सभी जिलों और प्रखंडों में पहुंचकर वंचित तबके की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा जा रहा है। लोगों से आवेदन प्राप्त कर संबंधित जिला पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाता है। आवश्यकतानुसार मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष भी मामले रखे जाते हैं।

शराबबंदी पर उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और आगे भी प्रभावी रहेगी। अवैध शराब कारोबारियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। लौरिया के भाजपा विधायक के बयान पर उन्होंने कहा कि यह उनका विचार हो सकता है, लेकिन राज्य में शराबबंदी लागू है। आरक्षण पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ने कभी आरक्षण समाप्त करने की बात नहीं कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story