किशनगंज में अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो डीसीएम ट्रक जब्त

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो डीसीएम ट्रक जब्त


किशनगंज, 01 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध बालू परिवहन कर रहे दो डीसीएम (6 चक्का) ट्रकों को जब्त किया।

जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने शनिवार को सुबह लगभग 5:25 बजे पश्चिमपाली के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो डीसीएम ट्रक बिना वैध कागजात के बालू का परिवहन करते पाए गए। जांच के बाद दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए किशनगंज थाना को सुपुर्द कर दिया गया। खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम तथा अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अवैध बालू के स्रोत के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिले में अवैध बालू खनन और उसके परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध बालू खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story