फर्जी चालान से खनिज परिवहन का भंडाफोड़

WhatsApp Channel Join Now
फर्जी चालान से खनिज परिवहन का भंडाफोड़


किशनगंज, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में फर्जी चालान के माध्यम से अवैध रूप से खनिज परिवहन करने वाले गिरोह का पुलिस और प्रशासन ने पर्दाफाश किया है।

संयुक्त जांच अभियान के दौरान एक हाईवा वाहन को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया गया है। जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के तहत गलगलिया थाना क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।

इस दौरान थानाध्यक्ष राकेश कुमार और खनन निरीक्षक सुनील कुमार द्वारा बंगाल की ओर से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी।

जांच के क्रम में हाईवा वाहन संख्या WB73L8559 को रोककर तलाशी ली गई। चालक से पूछताछ करने पर उसने वाहन में गिट्टी लोड होने की जानकारी दी।

खनन निरीक्षक द्वारा चालान की मांग किए जाने पर चालक ने मोबाइल में एक चालान दिखाया, जो जांच में फर्जी पाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने दूसरा चालान प्रस्तुत किया, जिसे वाहन पकड़े जाने के लगभग 10 मिनट बाद वाहन मालिक द्वारा व्हाट्सएप पर भेजा गया था।

इससे स्पष्ट हुआ कि फर्जी चालान के माध्यम से प्रशासन को भ्रमित कर अवैध खनिज परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाईवा वाहन, फर्जी चालान तथा बाद में प्रस्तुत चालान को जब्त कर चालक अजय दयाल, पिता महेन्द्र तुरी, ग्राम बेनचुरो, थाना तीसरी, जिला गिरीडीह को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में गलगलिया थाना कांड संख्या 36/26 दर्ज कर वाहन चालक, वाहन मालिक तथा फर्जी चालान के माध्यम से खनिज परिवहन करने वाले अन्य अज्ञात खनन माफिया के विरुद्ध अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story