ट्रांजिट पास के अभाव में खनिज लदा डंपर जब्त, पीछे नंबर प्लेट भी नहीं मिली
किशनगंज, 28 जून (हि.स.)।
पौआखाली थाना क्षेत्र में खनिज लदे एक डंपर को आवश्यक दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर खनन विभाग ने जब्त कर लिया। यह कार्रवाई पौआखाली थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण द्वारा वाहन को रोककर जांच करने तथा इसकी सूचना खनन विभाग को दिए जाने के बाद की गई।
खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जांच के दौरान चालक के पास खनिज परिवहन का चालान तो उपलब्ध था, लेकिन अंतरराज्यीय परिवहन के लिए अनिवार्य ट्रांजिट पास प्रस्तुत नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि एक राज्य से दूसरे राज्य में खनिज का परिवहन करने के लिए चालान के साथ ट्रांजिट पास होना अनिवार्य है। दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर डंपर को जब्त कर पौआखाली थाना के सुपुर्द कर दिया गया है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि डंपर के पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ऐसे में वाहन परिवहन नियमों के उल्लंघन का मामला भी सामने आया है।अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल से बिहार आने वाले कुछ खनिज वाहनों में ट्रांजिट पास से संबंधित अनियमितताओं की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद खनिज परिवहन में नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की निगरानी और सख्त होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

