बाल विवाह की रोकथाम के लिए छात्राओं ने ली शपथ, बांटी गई एमएचएम किट

WhatsApp Channel Join Now
बाल विवाह की रोकथाम के लिए छात्राओं ने ली शपथ, बांटी गई एमएचएम किट


भागलपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के तत्वावधान में बुधवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित एएनएम ट्रेनिंग स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एएनएम छात्राओं को माहवारी स्वच्छता, बाल विवाह की रोकथाम, साइबर सुरक्षा एवं वित्तीय साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया, ताकि वे आगे चलकर समाज में जागरूकता की एक मजबूत कड़ी बन सकें।

जिला मिशन समन्वयककार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक श्री तबरेज़ खान ने माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी एक पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर किसी भी प्रकार की झिझक की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छ उत्पादों के उपयोग, समय पर पैड बदलने, उनके उचित निपटान, हाथों की स्वच्छता और किसी भी असामान्य समस्या होने पर तुरंत स्वास्थ्यकर्मी से परामर्श लेने पर जोर दिया। जेंडर स्पेशलिस्टजेंडर स्पेशलिस्ट श्री विवेक कुमार ने बाल विवाह के स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व समुदाय में बाल विवाह जैसी कुप्रथा की रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अभिषेक सुमन ने छात्राओं को साइबर एवं डिजिटल अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।

टीचर जूली कुमारी की सक्रिय सहभागिता में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने प्रश्न साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं के बीच में एच एम किट का वितरण किया गया। साथ ही, बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के निर्माण के संकल्प के साथ छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ दिलाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story