अंतिम सोमवारी पर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में होगा जलाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
अंतिम सोमवारी पर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में होगा जलाभिषेक


बक्सर, 23 अगस्त (हि.स.)। सावन की अंतिम सोमवारी यानी चौथी सोमवारी को लेकर जिले में शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को बक्सर के रामरेखा घाट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम समेत विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना होंगे। सोमवार की अहले सुबह से लेकर दोपहर तक मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

सावन के शुरुआती दिनों से ही रामरेखा घाट पर कांवरियों की लगातार बढ़ती भीड़ और शिवभक्तों के उत्साह को देखते हुए इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में काफी इजाफा माना जा रहा है। कांवरिए झूमते-नाचते और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ की नगरी की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं रामरेखा घाट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बक्सर समेत आसपास के विभिन्न इलाकों के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भी गंगाजल लेकर जा रहे हैं।

अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या पिछले सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ने की संभावना जताई जा रही है। बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में लाखों से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

अंतिम सोमवारी पर बक्सर में हर ओर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से माहौल शिवमय होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story