नन्हे कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक, शिवमय हुआ वातावरण

WhatsApp Channel Join Now
नन्हे कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक, शिवमय हुआ वातावरण


बक्सर, 22 अगस्त (हि.स.)। सावन माह के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर, सिविल लाइंस, बक्सर में शनिवार को ‘सावन महोत्सव’ का आयोजन उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ किया गया। इस दौरान नर्सरी से द्वितीय कक्षा तक के करीब 72 नन्हे शिवभक्त कांवड़ियों ने विद्यालय से सब्जी मंदिर स्थित शिवालय तक छोटी कांवड़ यात्रा निकाली। बच्चों ने बेलपत्र, पुष्प और गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक कर समाज में धर्म, संस्कार और आस्था का संदेश दिया। कांवड़ियों की टोली में दो नन्हे बालक-बालिका ने भगवान शिव और माता पार्वती का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। पदयात्रा में कई अभिभावकों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम का संचालन वाटिका प्रमुख आचार्या संजू सिंह के नेतृत्व में किया गया। महोत्सव के दौरान बच्चों की माताओं के लिए गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। नृत्य में मेनका प्रथम और कोमल द्वितीय रहीं। गायन में शिखा ने प्रथम तथा सुमन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में आचार्या इंदु सिंह एवं सुमन दीदी ने भूमिका निभाई।

बच्चों में कौशल एवं सृजनशीलता के विकास के लिए राखी निर्माण और मेहंदी रचना प्रतियोगिता भी हुई, जिसका परिणाम रविवार को घोषित किया जाएगा। कार्यक्रम में आराधना दीदी, ज्योति दीदी समेत आचार्यगण व कर्मचारियों ने सहयोग किया। प्रधानाचार्य ने बच्चों के उत्साह, अभिभावकों के सहयोग और सभी कार्यक्रमों को प्रेरणादायक बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story