एमजीसीयू में करियर काउंसलिंग पर विशेष सत्र का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
एमजीसीयू में करियर काउंसलिंग पर विशेष सत्र का आयोजन


एमजीसीयू में करियर काउंसलिंग पर विशेष सत्र का आयोजन


पूर्वी चंपारण,22 अप्रैल (हि.स.)।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रबंधन विज्ञान विभाग मे एमबीए छात्रों के लिए करियर काउंसलिंग हेतु एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम औधौगिक अकादमिक शोध प्रयोगशाला के सहयोग से मैनेजमेंट प्रोफेशनल्स के लिए करियर के विभिन्न अवसरों की खोज विषय पर आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्वविद्यालय के उप-कुलसचिव सुहर्ष कुमार रहे। उन्होंने अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईएम आईआईटी,आईआईआईटी तथा केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रशासनिक पदों जैसे प्रशासनिक पदाधिकारी और सहायक निबंधक के अवसरों का उल्लेख किया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए उचित योजना, नियमित तैयारी, परिणाम-उन्मुख दृष्टिकोण और आवश्यक कौशलों का विकास अत्यंत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, निरंतर प्रयास करते रहने तथा बहुआयागी कौशल विकसित करने की सलाह दी, जिससे वे अपने करियर में सफलता प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने पूरे उत्साह और रुचि के साथ भाग लिया तथा अनेक प्रश्न पूछे। सभी प्रश्नों का सुहर्ष कुमार ने प्रभावी एवं सरल तरीके से उत्तर दिया। उद्यमिता के विषय पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के साथ भी छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू किया जा सकता है, बशर्ते सही आकलन और योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। उन्होने अपने अनुभवों एवं उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. सपना सुगंधा ने की। अपने विस्तृत संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों को पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर नए अवसरों को समझाने और अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से निर्धारित करने में मदद करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक समझ, कौशल विकास और सही मार्गदर्शन भी उतना ही आवश्यक है। इस सत्र ने छात्रों को अपने करियर की दिशा तय करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य की रणनीति बनाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया है।

उन्होंने मुख्य वक्ता सुहर्ष कुमार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी रहा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम रामय समय पर आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्र प्रेरित हो और अपने लक्ष्यों को बेहतर ढंग से निर्धारित कर सकें। इस अवसर पर विभाग के अतिथि संकाय सदस्य डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. राजीव रंजन चौबे, सुश्री श्रीबाला एवं प्रसून श्रीवास्तव तथा शोधार्थी रितेश गुप्ता, उत्सव जनप्रिया और ज्योत्सना शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। व्याख्यान के अंत छात्रों ने कहा कि यह सत्र आइस ब्रेकिंग' साबित हुआ और इससे उन्हें अपने करियर को लेकर नई दिशा और स्पष्टता मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story