सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान


सारण, 18 अप्रैल (हि.स.)। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दर्शन नगर, छपरा के प्रांगण में सीबीएसई कक्षा दसवीं सत्र 2025-26 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षाचार्यों द्वारा सफल छात्र-छात्राओं के चंदन-वंदन के साथ पारंपरिक रीति से हुई। समारोह में लोक शिक्षा समिति बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के इस पड़ाव पर आपको यह नहीं भूलना चाहिए कि आप अपने माता-पिता गुरु और समाज के ऋणी है। उन्होंने युवाओं को वर्तमान समय की चुनौतियों से आगाह करते हुए मोबाइल के दुरुपयोग से बचने और नियमित अध्ययन की प्रवृत्ति बनाए रखने की सलाह दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों पर अपनी इच्छाएं न थोपें बल्कि उन्हें उनकी रुचि के अनुसार विषय चयन करने दें। उन्होंने छात्रों को राष्ट्र की धरोहर बताते हुए कठिन परिस्थितियों में प्रबल मनःस्थिति के साथ आगे बढ़ने का मंत्र दिया। दीपांजलि शाही ने 97.5% अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे सारण जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना दबदबा कायम किया। अन्य मेधावियों विद्यार्थियों में रिया कुमारी, अभिज्ञान प्रकाश, वैभव कुमार,आदित्य राज और अर्जुन कश्यप शामिल है।

विद्यालय के कुल 41 छात्रों ने 80% से अधिक और 31 छात्रों ने 70% से अधिक अंक प्राप्त किए। समारोह में रवींद्र पाठक, मंकेश्वर प्रसाद जिला संचालक, बेतिया, विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम व कृष्ण कुमार, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, और उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर आचार्य अनिल कुमार आजाद और अभिभावक मौजूद थे, जो अपने बच्चों की सफलता पर गौरवान्वित महसूस कर रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story