बाढ़ प्रभावित छूटे लाभुकों को मिले सहायता राशि और विश्वविद्यालय छात्रावासों में शुरू हो सामुदायिक रसोई: छात्र जदयू
भागलपुर, 08 सितंबर (हि.स.)।
छात्र जनता दल (यू) के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय अध्यक्ष मो. एहसानुल रजा (डेविड) ने आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा से मिलकर बाढ़ प्रभावितों और छात्रों के हक में बड़ी मांग की है।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दोबारा सर्वेक्षण कराकर सूची से छूटे हुए पात्र परिवारों के नाम तत्काल जोड़ने और उन्हें आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। छात्र जदयू अध्यक्ष ने विशेष रूप से कहलगांव प्रखंड की ग्राम पंचायत एकदरा सहित सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों में पुनः जांच कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी सूची में नाम न होने के कारण कई वास्तविक बाढ़ पीड़ित परिवार इस संकट की घड़ी में सरकारी सहायता से वंचित हैं। संबंधित अधिकारियों को एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित कर इस पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही, मो. एहसानुल रजा ने बाढ़ से प्रभावित तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के सरकारी छात्रावासों में रह रहे छात्र-छात्राओं की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने मांग की कि जलभराव और बाढ़ के कारण परेशानी झेल रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों के समीप तत्काल सामुदायिक रसोई शुरू की जाए, ताकि प्रभावित छात्र-छात्राओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध हो सके। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित आम नागरिकों और छात्रों को समय पर सरकारी सहायता पहुंचाना इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

