विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएं अहम भूमिका: विवेक ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएं अहम भूमिका: विवेक ठाकुर


नवादा, 04 नवंबर (हि.स.)।‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने युवाओं से सीधा संवाद कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष अजीत शंकर ने की। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। विकसित भारत का सपना युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प से ही साकार होगा। शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी ज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़कर युवा देश की तरक्की में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे में युवाओं को राष्ट्र निर्माण के अभियान से जुड़कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर विपक्षी दलों को घेरते हुए सांसद ने कहा कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाकर अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए, न कि जनता को गुमराह किया जाना चाहिए।

संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने शिक्षा, रोजगार, विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न सवाल सांसद के समक्ष रखे। सांसद ने सभी सवालों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए और प्रत्येक युवा को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774109 Articles

Share this story