नगर निगम पार्षदों ने काला बिल्ला लगाकर की बैठक, दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम पार्षदों ने काला बिल्ला लगाकर की बैठक, दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग


भागलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम परिसर में बुधवार को महापौर, उप महापौर और सभी पार्षदों ने एकजुट होकर एक विशेष बैठक का आयोजन किया। इस बैठक के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने अपनी मांगों के समर्थन में बाजू पर काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम के ही एक पार्षद के खिलाफ कुछ वर्ष पूर्व नगर निगम प्रशासन द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस लेने की मांग करना था।

पार्षदों का कहना है कि जनप्रतिनिधि के खिलाफ हुआ यह पुराना मुकदमा न्यायसंगत नहीं है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। बैठक में पुराने मामले को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

महापौर और उप महापौर के नेतृत्व में सभी पार्षदों ने एक सुर में कहा कि नगर निगम के जनप्रतिनिधि के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक पहल की जानी चाहिए।

पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि इस दिशा में सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो वे आगे की रणनीति तय करेंगे। घंटों चली इस बैठक में इस मुद्दे पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वे अपनी इस मांग को लेकर उच्च अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे ताकि उनके साथी पार्षद को न्याय मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story