बिहार भाजपा कोर कमिटी की बैठक, आगामी कार्ययोजना पर हुआ मंथन
पटना, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार कार्यालय में कोर कमिटी की शनिवार को बैठक हुई, जिसमे संगठन की आगामी कार्ययोजना एवं सेवा संकल्प अभियान को लेकर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन को और मजबूत करने के साथ सेवा संकल्प अभियान की आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, डॉ. दिलीप जायसवाल, संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसानिया तथा संगठक अनंत नारायण मिश्र (भागलपुर, पूर्णिया एवं कोसी क्षेत्र) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ता आधारित और सेवा के संकल्प पर खड़ा संगठन है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। आगामी कार्यक्रमों को लेकर सभी कार्यकर्ता पूरी तत्परता और समन्वय के साथ जुटें।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई। नेताओं ने सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों को जनभागीदारी से जोड़ने तथा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में क्षेत्रवार संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार किया गया। वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
बैठक में आगामी विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई और इन सभी सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों के जीत को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

