भागलपुर में जन सुराज की बैठक: कोशी स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में जन सुराज की बैठक: कोशी स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर मंथन


भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को स्थानीय खलीफा बाग चौक के निकट एक विवाह भवन’ में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक की।

यह बैठक आगामी कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर आयोजित की गई थी, जिसमें जन सुराज के घोषित प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन के साथ भागलपुर, कोशी और पूर्णिया प्रमंडल के प्रमुख पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान चुनाव की तैयारी, नामांकन की रणनीति और प्रत्याशी के संकल्पों को हर मतदाता तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने घोषणा की कि आगामी 5 अक्टूबर को डॉ. रजनीश रंजन अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए वे स्वयं भागलपुर में मौजूद रहेंगे।

कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करते हुए उन्होंने कहा कि इस नामांकन के साथ ही कोशी स्नातक क्षेत्र में वर्षों से चले आ रहे पारंपरिक एमएलसी जीत के एकाधिकार और सिलसिले के अंत का आगाज हो जाएगा। उन्होंने सभी समर्थकों से इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की अपील की।

प्रशांत किशोर ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए बेगूसराय में महिला के साथ हुई बर्बरता को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सरकार को कड़े शब्दों में घेरा। उन्होंने कहा कि बेगूसराय, जमुई और समस्तीपुर की हालिया घटनाएं दर्शाती हैं कि सूबे में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

पीके ने तंज कसते हुए कहा कि जिस व्यवस्था के शीर्ष पर बैठे लोग गंभीर चुनौतियों के प्रति उदासीन हों, वहां अपराधमुक्त शासन का दावा बेईमानी है। उन्होंने बेरोजगारी और करीब 50 लाख आबादी के बाढ़ की विभीषिका में फंसे होने का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया। मतदाताओं से सीधा संवाद करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार, नरेंद्र मोदी या लालू प्रसाद के नाम पर पारंपरिक रूप से वोट देने से बिहार का भला होने वाला नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कोशी स्नातक क्षेत्र का यह चुनाव सरकार बनाने या गिराने के लिए नहीं है, बल्कि यह समय मौजूदा सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने और उसकी मनमानी पर लगाम लगाने का है।

इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में सुजाता वैद्य, ललन यादव, प्रमंडलीय प्रभारी राकेश यादव, प्रमंडलीय मीडिया प्रभारी बाबुल विवेक, भागलपुर जिलाध्यक्ष सुशील सिंह, बांका जिलाध्यक्ष दीनबंधु, लखन लाल पाठक, जमुई जिलाध्यक्ष रौबिन सिंह और मुंगेर जिलाध्यक्ष शाहब मल्लिक सहित प्रमंडल के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story