संविधान दिवस पर लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों पर होगा मंथन, बिहार जनसंघर्ष समिति की बैठक में बनी रूपरेखा

WhatsApp Channel Join Now
संविधान दिवस पर लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों पर होगा मंथन, बिहार जनसंघर्ष समिति की बैठक में बनी रूपरेखा


भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। बिहार जनसंघर्ष समिति की ओर से आगामी संविधान दिवस के अवसर पर एक विशेष विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को तातारपुर स्थित शहबाजनगर (मौलानाचक) में नगर संयोजक रहीमउल्लाह सिद्दीकी की अध्यक्षता में नगर समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 25 नवम्बर को ‘संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों पर बढ़ता हमला’ विषय पर संगोष्ठी सह विचार-विमर्श कार्यक्रम होगा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के सवालों पर समाज में सार्थक संवाद को आगे बढ़ाना है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से संविधान की प्रस्तावना, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संवैधानिक विचारों, मौजूदा चुनावी लोकतंत्र के समक्ष चुनौतियों, नागरिक स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका जैसे गंभीर विषयों पर वक्ता विस्तार से अपने विचार रखेंगे।

संगठनात्मक विस्तार और सुचारू कार्य संचालन को देखते हुए बैठक में कार्यालयों का भी निर्धारण किया गया। इसके तहत भागलपुर नगर समिति का कार्यालय तातारपुर के शहबाजनगर (मौलानाचक), वार्ड संख्या-39 में और बिहार जनसंघर्ष समिति का केंद्रीय कार्यालय परबत्ती, वार्ड संख्या-13 में संचालित करने का निर्णय लिया गया। तैयारी बैठक में समिति के अध्यक्ष गौतम कुमार, संरक्षक उज्ज्वल घोष, कोषाध्यक्ष सह कार्यालय प्रभारी सुभाष कुमार प्रसाद, मंजर आलम और उमर फारुख सहित बड़ी संख्या में संगठन के अन्य साथी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story