टीएमबीयू अतिथि शिक्षक संघ की बैठक, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
भागलपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। बी.एन. कॉलेज भागलपुर के शिक्षक कक्ष में रविवार को टीएमबीयू अतिथि शिक्षक संघ की बैठक संघ के अध्यक्ष डॉ. आनन्द आजाद के अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उच्च न्यायालय में पटना में पूर्व में दायर की गई याचिका को बरकरार रखने के साथ-साथ पूर्व से कार्यरत अतिथि शिक्षकों को नए संविदा आधारित सहायक प्राध्यापक के समान मानदेय देने, पूर्व से कार्यरत अतिथि शिक्षकों की सेवा नियमित करने तथा सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति को लेकर यूजीसी रेगुलेशन के विरुद्ध बनाई गई नई सहायक प्राध्यापक नियुक्ति नियमावली, 2026 के विरोध में आन्दोलनात्मक तथा न्यायिक कदम उठाया जाए। बैठक में सर्वसम्मति से विश्वविद्यालय की स्वायत्तता पर हमला करते हुए लाए जा रहे नए बिहार राज्य विश्वविद्यालय विधेयक, 2026 के खिलाफ निन्दा प्रस्ताव पेश किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए टीएमबीयू अतिथि शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. आनन्द आजाद ने कहा कि पूर्व से कार्यरत अतिथि शिक्षकों के पद सुरक्षित रखने को लेकर उच्च न्यायालय में पूर्व में दायर की गई याचिका के साथ-साथ नए संविदा आधारित सहायक प्राध्यापक के समान अतिथि शिक्षकों को मानदेय भुगतान करने, अतिथि शिक्षकों की सेवा नियमित करने तथा यूजीसी रेगुलेशन के विरुद्ध बनाई गई नई सहायक प्राध्यापक नियुक्ति नियमावली, 2026 को न्यायालय में चुनौती देने को लेकर बहुत जल्द अधिवक्ता से सलाह लेकर अगला कदम उठाया जाएगा। इसके अलावा उपरोक्त बिन्दुओं समेत बिहार सरकार द्वारा लाए जा रहे बिहार राज्य विश्वविद्यालय विधेयक, 2026 के खिलाफ आन्दोलन की शुरुआत की जाएगी। आन्दोलन की रूपरेखा तथा तिथि की घोषणा बहुत जल्द की जाएगी। आज की बैठक में डॉ. आनन्द कुमार, डॉ. पवन कुमार, डॉ. प्रियतम कुमार, डॉ. सर्पराज रामानन्द सागर, डॉ. आदित्य नारायण, डॉ. धीरेन्द्र कुमार, डॉ. रामजी पासवान, डॉ. मनोहर यादव, डॉ. नूरजहाँ, डॉ. मधुलता कुमारी, डॉ. चन्दा कुमारी, डॉ. अमिता सिन्हा, डॉ. खालिदा नाज, डॉ. अनुज रानी, डॉ. प्रकाश कुमार, डॉ. मयंक वत्स, डॉ. कुन्दन दुबे, डॉ. विपुल कुमार वैभव, डॉ. मधुमाला सिन्हा, डॉ. किरण कुमारी, डॉ. रविशंकर, डॉ. तौहीद आलम, डॉ. वीरेन्द्र कुमार यादव तथा डॉ. इबरार सन्नी समेत दर्जनों अतिथि शिक्षक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

