नवगछिया में अतिपिछड़ा समाज की अहम बैठक, 24 अक्टूबर को पटना में जुटेंगे सामाजिक कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
नवगछिया में अतिपिछड़ा समाज की अहम बैठक, 24 अक्टूबर को पटना में जुटेंगे सामाजिक कार्यकर्ता


भागलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। अतिपिछड़ा वर्ग के आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और राजनीतिक हक़-अधिकार को लेकर बुधवार को बहुजन चेतना केंद्र, बिहपुर के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

इस बैठक में नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिपिछड़ा समाज के सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने हिस्सा लिया और समाज की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित चर्चित बुद्धिजीवी और अतिपिछड़ा समाज के मुखर नेता नवीन प्रजापति ने कहा, अतिपिछड़ा समाज के भीतर ईबीसी होने की वर्गीय चेतना पैदा करना हम सभी की पहली जिम्मेदारी है। हमें भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर, बाबासाहेब आंबेडकर और महामना जोतीबा फुले के आदर्शों को अपनाना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में अतिपिछड़ा समाज की आबादी 38 प्रतिशत है, लेकिन यह समाज आज भी भूमिहीन है और सरकारी नौकरियों सहित सर्वोच्च पदों पर हाशिए पर है। राजनीतिक दलों ने इस समाज को केवल ठगने का काम किया है। बैठक में प्रदीप सिंह और राजेश पंडित ने समाज पर हो रहे अत्याचारों पर दुख जताते हुए कई मांगें उठाईं।

उन्होंने मांग की कि अतिपिछड़ा अत्याचार निवारण कानून की गारंटी की जाए, जाति जनगणना में ओबीसी जातियों की गणना भी अनुसूचित जातियों की तर्ज पर हो, रोहिणी आयोग की रिपोर्ट तुरंत जारी की जाए, बेरोजगारों को 5000 रुपये बेरोजगारी भत्ता मिले और ओल्ड पेंशन योजना को दोबारा लागू किया जाए।

वहीं, डॉ. गौतम कुमार प्रीतम और श्याम कुमार ठाकुर ने समाज के लोगों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए बताया कि आगामी 24 अक्टूबर को पटना के बाबू जगजीवन राम मेमोरियल हॉल में 'अतिपिछड़ा दावेदारी सम्मेलन' का आयोजन किया गया है। उन्होंने अनुमंडल क्षेत्र के सभी साथियों से भारी संख्या में इस सम्मेलन में पहुंचने की अपील की।

इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता उमेश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन जयकिशोर शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अधिवक्ता लक्ष्मण मंडल, रवीन्द्र सिंह, अखिलेश रमण, रवीन्द्रनाथ ठाकुर, पप्पू ठाकुर, नंदलाल महतो, ललन महतो, नसीब रविदास, फिरोज आलम, सबरार आलम, कृष्ण देव शर्मा, किशोर मंडल, उमेश साह सहित अतिपिछड़ा समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story