सारण में मुकदमों के त्वरित निष्पादन के लिए हुई बैठक
सारण, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने आज जिले में अभियोजन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नए दर्ज होने वाले मुकदमों की संख्या के मुकाबले पुराने मामलों के धीमी गति से निष्पादन पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करने के लिए अब 'मिशन मोड' में कार्य किया जाएगा। जनता को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने प्रत्येक अपर लोक अभियोजक और सहायक अभियोजन पदाधिकारी को मई के पहले सप्ताह तक जनहित से जुड़े 15-15 मामलों की पहचान करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, गंभीर अपराधों में त्वरित सजा सुनिश्चित करने के लिए स्पीडी ट्रायल हेतु भी अलग से 15-15 मामलों का चयन करने को कहा गया है।
बैठक में पुलिस और अभियोजन पक्ष के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि जिले में ई-सम्मन की शुरुआत हो चुकी है जिससे वारंट और नोटिस का तामिला तेज होगा। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को डॉक्टरों की समय पर गवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि इंजुरी रिपोर्ट की पुष्टि में देरी न हो। बैठक में जिला अभियोजन अधिकारी सहित विधि शाखा के कई अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

