टीएनबी कॉलेज में 26 नवंबर से छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, तैयारियों को लेकर हुई बैठक

WhatsApp Channel Join Now
टीएनबी कॉलेज में 26 नवंबर से छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, तैयारियों को लेकर हुई बैठक


भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। टीएनबी कॉलेज में आगामी 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल संचालन और रूपरेखा तय करने के लिए गुरुवार को कॉलेज के प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में उनके कक्ष में एक आवश्यक बैठक आहूत की गई।

कार्यक्रम कॉलेज द्वारा पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव पर मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर पटना विश्वविद्यालय से मिली स्वीकृति और लोक भवन, पटना के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। इस एफडीपी का मुख्य विषय इंडियन नॉलेज सिस्टम इन हायर एजुकेशन : इंटीग्रिटी, हेरिटेज, साइंटिफिक एंड इनोवेटिव पेडागोजी रखा गया है।

कार्यक्रम में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत और संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षक भाग ले सकेंगे। एफडीपी के को-कोर्डिनेटर डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि एमएमटीसी, पटना विश्वविद्यालय द्वारा अनुशंसित रिसोर्स पर्सन को आमंत्रित कर प्रतिदिन चार व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन हाइब्रिड मोड में होगा। इसमें प्रतिभागियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों की तथ्यपरक जानकारी दी जाएगी, जिसकी उपयोगिता को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के पाठ्यक्रम में भी समाहित किया गया है।

इस अवसर पर टीएमबीयू के एफडीपी सेल के नोडल पदाधिकारी प्रो. कमल प्रसाद, असिस्टेंट नोडल पदाधिकारी प्रो. पूर्णेन्दु शेखर, रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. बेलाल अहमद, टीएनबी कॉलेज के एफडीपी कोर्डिनेटर डॉ. राजीव कुमार सिंह, को-कोर्डिनेटर डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी, तकनीकी संयोजक डॉ. अंशु कुमार, आईक्यूएसी कोर्डिनेटर डॉ. अंशुमान सुमन, बर्सर डॉ. सुमन कुमार, डॉ. नवनीत, अजित कुमार, बीसीए कोर्डिनेटर डॉ. पुष्प कुमार राय तथा प्रशाखा पदाधिकारी प्रकाश पाठक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story