अनुमंडल अस्पताल में आशा कार्यकर्ताओं की बैठक में सर्वेक्षण चर्चा के साथ लू से बचाव का दिया गया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
अनुमंडल अस्पताल में आशा कार्यकर्ताओं की बैठक में सर्वेक्षण चर्चा के साथ लू से बचाव का दिया गया निर्देश


सुपौल, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज के अनुमंडलीय अस्पताल में शुक्रवार को आशा दिवस के अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल क्षेत्र की लगभग 60 आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

अस्पताल के हैल्थ मैनेजर एस अदीब अहमद ने बैठक की जानकारी देते बताया कि आशा दिवस पर कुल पांच चरणों में बैठकें आयोजित किये जा रहे बैठकों में शुक्रवार को आयोजित बैठक चौथे दौर की है। मैनेजर ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य को मजबूत करना है।

बताया कि बैठक में आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने - अपने क्षेत्रों में गहन सर्वेक्षण कर प्रत्येक जानकारी को एम आशा एप्प में सर्वे रजिस्टर में आवश्यक रूप से दर्ज करें। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं को आसन्न गर्मी के मौसम को देखते हुए लू से बचाव और उससे सम्बंधित बीमारियों के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को घर - घर जाकर लोगों को लू से बचाव के उपाय बताने का निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त पछुआ हवा के कारण आग लगने की बढ़ती संभावनाओं के मद्देनजर भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे लोगों को सुबह के समय ही भोजन तैयार करने के लिए प्रेरित करें, ताकि दिन में आग लगने की घटनाओं से बचा जा सके। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों में जन जागरूकता अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story