उद्यमी आयोग के सदस्य ने सीएम से की मुलाकात, अररिया सहित सीमांचल के समस्याओं के निराकरण पर की चर्चा
अररिया 10 सितम्बर(हि.स.)।
बिहार राज्य उद्यमी आयोग के सदस्य एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता आलोक भगत उर्फ बमशंकर भगत ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पटना में गुरुवार को मुलाकात कर अररिया सहित सीमांचल से जुड़े उद्योग धंधे सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा की और उसके निराकरण को लेकर सकारात्मक प्रयास करने की विनती की।
जानकारी देते हुए श्री भगत ने बताया कि सीमांचल में उद्योग धंधे स्थापित करने खासकर खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित उद्योग स्थापित करने,किसानों की समस्याओं के तहत सरकारी रेट पर यूरिया और डीएपी उपलब्धता पर चर्चा की।साथ ही नरपतगंज बाजार में फोरलेन सड़क पर अंडर पास में होने वाले जलजमाव की समस्या पर निराकरण के लिए एनएचएआई से पहल करने की मांग की।इसके अलावा बॉर्डर सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रकोप और तस्करी जैसे मुद्दों पर भी विशेष चर्चा की गई।
श्री भगत ने सीएम को बताया कि अररिया और सीमांचल में उद्योग धंधों की अपार संभावनाएं हैं।ख़ासकर जिस तरह से कुछ वर्षों में मक्का के उत्पादन और किसानी को लेकर किसानों का रुझान बढ़ा है।
मक्का आधारित उद्योग धंधे स्थापित होने से किसानों को काफी लाभ मिलेगा।वहीं बंद पड़े और बंद के राह पर स्थापित उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए निवेशकों और उद्योगपतियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने पर भी उद्यमी आयोग के सदस्य ने ध्यान आकृष्ट कराया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

