छठ घाटों पर एंबुलेंस के साथ तैनात रहेगी मेडिकल टीम, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
छठ घाटों पर एंबुलेंस के साथ तैनात रहेगी मेडिकल टीम, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट


किशनगंज, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिले के चिह्नित प्रमुख छठ घाटों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और जरूरी जीवनरक्षक दवाओं की व्यवस्था की जाएगी। किसी भी चिकित्सकीय आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट रहेगा।

शनिवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं से सुरक्षित तरीके से पर्व मनाने की अपील की है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ घाटों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी तत्परता से जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया है।

सिविल सर्जन ने बताया कि चिह्नित संवेदनशील एवं प्रमुख घाटों पर चिकित्सक और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी आवश्यक चिकित्सा सामग्री के साथ तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा सदर अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। छोटे घाटों पर भी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए एएनएम को जरूरी दवाओं के साथ प्रतिनियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा चलंत चिकित्सा दल घाटों के आसपास सक्रिय रहेंगे।

डीपीएम डॉ. मुनाजिम ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर नियंत्रण कक्ष संचालित रखने की व्यवस्था की जाएगी। सदर अस्पताल सहित सभी पीएचसी को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य अधिकारी घाटों पर चिकित्सा सुविधाओं की निगरानी करेंगे और सूचना मिलते ही मेडिकल टीम को सक्रिय किया जाएगा। छठ घाटों पर चिकित्सा शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके लिए बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे। वहीं, पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत ट्रांजिट टीमें सक्रिय रहकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का प्रयास करेंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी परेशानी पर तत्काल मेडिकल टीम से संपर्क करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story