मीडिया के विद्यार्थियों के लिए फोटोग्राफी में है अपार संभावनाएं:डॉ. अंजनी झा

WhatsApp Channel Join Now
मीडिया के विद्यार्थियों के लिए फोटोग्राफी में है अपार संभावनाएं:डॉ. अंजनी झा


पूर्वी चंपारण, 27 अप्रैल (हि.स.)।महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के मीडिया अध्ययन विभाग द्वारा जिला स्कूल स्थित चाणक्य परिसर में एक दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला के संरक्षक कुलपति प्रो संजय श्रीवास्तव थे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पत्रकारिता के छात्रों को डिजिटल फोटोग्राफी और दृश्य कथा वाचन की तकनीकी बारीकियों से रूबरू कराना था। अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ अंजनी कुमार झा ने की, जबकि डॉ. मयंक भारद्वाज ने कार्यक्रम समन्वयक की भूमिका निभाई। कार्यशाला में कैनन के बिक्री सहयोग अधिकारी सोहेल अख्तर और विनीत पंकज बतौर विषय विशेषज्ञ मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ अंजनी कुमार झा ने छात्राओं की बढ़ती सक्रियता और उनकी उपलब्धियों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने रेखांकित किया कि वर्तमान समय में बेटियां हर क्षेत्र में अधिक सजग और सक्रिय हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं से लेकर सिविल सेवा तक के परिणाम इसका प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये छात्राएं हर मोर्चे पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और आने वाले समय में भी वे किसी को निराश नहीं करेंगी।

कार्यशाला के तकनीकी सत्र की शुरुआत विनीत पंकज के एक बेहद संवादात्मक सत्र से हुई। उन्होंने स्मार्टफोन और पेशेवर कैमरे के बीच का तकनीकी अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि फोन में पिक्सल भले ही अधिक हों, लेकिन उसका सेंसर आकार छोटा होता है जिसका सीधा असर चित्र की गुणवत्ता पर दिखता है, जबकि कैमरे में काम करना काफी लचीलापन होता है।

विनीत ने छात्रों को लेंस की आंतरिक कार्यप्रणाली और एक्सपोजर त्रिकोण के तत्वों को विस्तार से समझाया और इसका सजीव प्रदर्शन किया। फोटोग्राफी में संयोजन के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने प्रकृति की समरूपता और प्रतिबिंब के बेहतरीन उदाहरण दिए जो तस्वीर को आकर्षक बनाते हैं।

उन्होंने बताया कि फोटोग्राफी मुख्य रूप से नजरिए का खेल है, आप जितना बेहतर देख सकते हैं, उतना ही बेहतर कैद कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न प्रकार के कैमरों, कैनन के किफायती मॉडल, सूक्ष्म फोटोग्राफी और कैनन आर-पंद्रह के रंग फिल्टर जैसे रोचक फीचर की भी जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story