भागलपुर शिक्षा विभाग में विजिलेंस का बड़ा छापा, 1.10 लाख रुपये घूस लेते एमडीएम डीपीएम रंगे हाथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर शिक्षा विभाग में विजिलेंस का बड़ा छापा, 1.10 लाख रुपये घूस लेते एमडीएम डीपीएम रंगे हाथ गिरफ्तार


भागलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्याह्न भोजन योजना के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार को 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

जिला शिक्षा विभाग कार्यालय में हुई इस औचक छापेमारी से पूरे विभाग और समाहरणालय परिसर में दिनभर हड़कंप मचा रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पटना से आई निगरानी विभाग की विशेष टीम को डीपीएम मनोज कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने शनिवार को योजनाबद्ध तरीके से जिला शिक्षा विभाग कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की राशि ली, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

कार्रवाई के बाद निगरानी की टीम कार्यालय में ही कागजी प्रक्रिया पूरी करने और आरोपी अधिकारी से गहन पूछताछ करने में जुटी है। रिश्वत किस काम के एवज में और किस व्यक्ति से ली जा रही थी, इसका विस्तृत विवरण जुटाया जा रहा है। गौरतलब है कि भागलपुर शिक्षा विभाग पिछले कुछ समय से लगातार विवादों और कार्रवाई के घेरे में रहा है। हाल ही में विभाग में 98.12 लाख रुपये के वेतन गबन का मामला सामने आने के बाद तत्कालीन डीईओ और डीपीओ को निलंबित किया गया था, जिसके बाद जिले में नए पदाधिकारियों की तैनाती हुई थी। ऐसे में ताजा गिरफ्तारी ने सरकारी महकमों में कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780769 Articles

Share this story