मैट्रिक का रिजल्ट घोषित, राज्य स्तर पर 9वां स्थान

WhatsApp Channel Join Now
मैट्रिक का रिजल्ट घोषित, राज्य स्तर पर 9वां स्थान


बेतिया, 29 मार्च (हि.स.)।

पश्चिम चंपारण ज़िला का योगापट्टी प्रखंड जो दियारा और पिछड़े क्षेत्र के रूप में जाना जाता है,वहीं से एक होनहार छात्र ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर पूरे इलाके को गौरवान्वित किया है।

डुमरी पंचायत के अहरौली गांव वार्ड नंबर 4 निवासी सत्यम कुमार ने बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में 500 में 482 अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर 9वां स्थान हासिल किया है।सत्यम की इस उपलब्धि से पूरे गांव, पंचायत और प्रखंड में खुशी का माहौल है।ग्रामीणों का कहना है कि दियारा क्षेत्र में संसाधनों की कमी,बाढ़ और शिक्षा के सीमित साधनों के बावजूद इस तरह की सफलता क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।

सत्यम योगापट्टी प्रखंड के बैद्यनाथ उच्च विद्यालय लक्ष्मीपुर का छात्र है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधीष्ट यादव ने बताया कि सत्यम शुरू से ही पढ़ाई में तेज और अनुशासित छात्र रहा है।वहीं मिश्रा कोचिंग सेंटर महावीरपुर के संचालक राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि सत्यम ने हमेशा कठिन परिश्रम और लगन के साथ पढ़ाई की जिसका परिणाम आज सबके सामने है।सत्यम का सपना आगे चलकर आईपीएस बने और देश की सेवा करने का है। उसने बताया कि वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता,शिक्षकों और मार्गदर्शकों को देता है, जिन्होंने हर परिस्थिति में उसका साथ दिया।

सत्यम के पिता राजेन्द्र प्रसाद चौरसिया रोजी-रोटी के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते हैं,जबकि माता सुनीता चौरसिया गृहिणी हैं।आर्थिक रूप से कमजोर परिवार होने के बावजूद माता-पिता ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।तीन भाई और तीन बहनों वाले परिवार में सत्यम दूसरे स्थान पर है।पिता का कहना है कि सत्यम अक्सर सीमित संसाधनों में भी देर रात तक पढ़ाई करता था और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित था।उसकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के आगे बाधा नहीं बन सकतीं।

सत्यम की यह सफलता आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और दियारा क्षेत्र से भी प्रतिभाएं निकलकर राज्य व देश स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story