माता बैठक से टीकाकरण के प्रति जागरूक हो रहीं महिलाएं
किशनगंज,05दिसंबर (हि.स.)।नियमित टीकाकरण से वंचित दो साल तक के बच्चे व गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने के उद्देश्य से जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्रों पर एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी सेविका सहित नजदीकी माताओं के साथ बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ कौशल किशोर ने बताया की माता बैठक में गांव की सभी महिलाओं को आमंत्रित किया जाता है और टीकाकरण के बारे में उन्हें जानकारी दी जाती है। साथ ही आसपास के लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने की अपील की जाती है।
सदर अस्पताल के महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शबनम यस्मिन ने बताया की माता बैठक में एएनएम के द्वारा माताओं को समझाया जाता है की जन्म के बाद शुरुआती कुछ दिनों तक शिशुओं को स्तनपान करना सीखने में समय लगता है, ऐसे में हो सकता है कि कम अंतराल पर दूध पिलाना पड़े लेकिन धीरे-धीरे तीन-चार घंटे का एक चक्र बन जाता है और रात को भी मां को कम से कम बच्चे को दो बार दूध पिलाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि कई बार ऐसा होता है कि बच्चे की जरूरत के अनुसार मां को दूध नहीं होता है तो मां को सबसे पहले खान-पान में पोषक पदार्थों की मात्रा बढ़ानी चाहिए तथा उन्हें ज्यादा पानी पीना चाहिए और तनाव नहीं लेना चाहिए, इससे मां को ज्यादा दूध बनेगा। उन्होंने बताया कि बिना डॉक्टर की सलाह लिए फॉर्मूला मिल्क शिशुओं को न दें। सिविल सर्जन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य सुविधा का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कई तरह की योजना चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों में माता बैठक का आयोजन किया जा रहा है जिसके माध्यम से ग्रामीणों को जागरुक होकर इसका लाभ लेने की जरूरत है।
हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र

