प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए फॉर्मर मास्टर ट्रेनरों का चयन
अररिया 27 अक्टूबर(हि.स.)।
डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत फॉर्मर मास्टर ट्रेनर के चयन सहित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में फॉर्मर मास्टर ट्रेनर के चयन की प्रक्रिया एवं उनकी भूमिका पर चर्चा करते हुए निर्देश दिया गया कि चयनित प्रशिक्षक किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, पद्धतियों एवं इसके लाभों के संबंध में प्रशिक्षित करेंगे। इसके माध्यम से किसानों के बीच प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कृषि जन कल्याण चौपाल-सह-खेत बचाओ अभियान एवं अन्य कृषि कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में प्राकृतिक खेती का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कृषि कर्मियों को किसानों तक प्राकृतिक खेती से संबंधित आवश्यक जानकारी पहुंचाने तथा इसके महत्व, उपयोगिता एवं लाभों से अवगत कराने के लिए जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

